दिल्ली

दिल्ली में लाल किले के पास भीषण धमाका

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली मंगलवार शाम उस वक्त दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पार्किंग एरिया में खड़ी एक हुंडई i20 कार में अचानक जबरदस्त धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कार के टुकड़े आसपास तक फैल गए और पास खड़ी कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। चंद मिनटों में पार्किंग एरिया आग के गोले में तब्दील हो गया। मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को शाम 6:55 बजे धमाके की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत 7 फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग झुलसकर घायल हो गए हैं। सभी घायलों को एलएनजेपी और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

‎जांच एजेंसियों ने शुरुआती जांच में चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट से पहले कार करीब दो घंटे तक लाल किला पार्किंग में खड़ी रही और उसके बाद धीरे-धीरे सुभाष मार्ग की ओर बढ़ते समय विस्फोट हुआ। सीसीटीवी फुटेज में कार में तीन लोग सवार दिखाई दिए हैं, जो दरियागंज से सुनहरी मस्जिद की दिशा में आते दिखे।

‎कार HR26CE7674 नंबर की हुंडई i20 थी, जो 2014 में गुरुग्राम निवासी “मोहम्मद सलमान” के नाम पंजीकृत थी। बाद में यह गाड़ी “देवेंद्र” नामक व्यक्ति को बेची गई और फिर हरियाणा के अंबाला के व्यक्ति को ट्रांसफर की गई। पुलिस ने पूर्व पंजीकृत मालिक को हिरासत में लिया है, जबकि वर्तमान खरीदार की तलाश जारी है।

‎फोरेंसिक और बम निरोधक दस्तों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि विस्फोट किसी सिलेंडर या विस्फोटक उपकरण से हुआ। एनएसजी, दिल्ली पुलिस, एफएसएल और स्पेशल सेल की टीमें मामले की तहकीकात में जुटी हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि धमाका असामान्य रूप से शक्तिशाली था और “संभावित आतंकी एंगल” से भी जांच की जा रही है।

‎गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव से 2563 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था, जिसके तार जम्मू-कश्मीर के आतंकी मुजम्मिल और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े पाए गए थे। अब दिल्ली धमाके के बाद जांच एजेंसियां दोनों घटनाओं के बीच संबंध तलाशने में जुट गई हैं।

‎राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में उच्च सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। लाल किला, चांदनी चौक, राजघाट और पुराने दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड तैनात कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button