उत्तर प्रदेश

स्कूल चलो अभियान 2026-27 का भव्य शुभारंभ, नामांकन बढ़ाने पर दिया गया जोर

नवोदय वार्ता । उत्तर प्रदेश 

सुल्तानपुर। सत्र 2026-27 के तहत “स्कूल चलो अभियान” का भव्य आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय अमहट, दूबेपुर परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, माननीय विधायक विनोद सिंह तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर के बच्चों ने आकर्षक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय उघडपुर भटपुरा और प्राथमिक विद्यालय तुराबखानी के बच्चों ने “स्कूल चलो अभियान” पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “बेसिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है, इसलिए प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यालयों में खेल-खेल में सीखने के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

विधायक विनोद सिंह ने कहा कि विद्यालय ही देश के भविष्य का निर्माण करते हैं, इसलिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने “ऑपरेशन कायाकल्प” के तहत शिक्षा व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलावों की सराहना की।

मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि आज बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं—जैसे राष्ट्रीय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति, नवोदय एवं विद्याज्ञान—में चयनित हो रहे हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों का संकेत है। उन्होंने अभिभावकों से संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।

कार्यक्रम के संयोजक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश का वाचन करते हुए कहा कि सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने शिक्षकों से बच्चों को आकर्षक शिक्षण वातावरण देने का आग्रह किया।

जिला सूचना अधिकारी धीरेन्द्र यादव ने बालिका शिक्षा और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। जिला समन्वयक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसमें शिक्षक घर-घर जाकर नामांकन सुनिश्चित करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने टीएलएम स्टॉल एवं विज्ञान मॉडल का अवलोकन किया तथा बच्चों और शिक्षकों से संवाद किया। साथ ही “स्कूल चलो अभियान” के तहत दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और नवप्रवेशी बच्चों को गिफ्ट व पुस्तकें वितरित की गईं।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी दूबेपुर रामतीर्थ वर्मा, जिला समन्वयक योगेंद्र कुमार मिश्र, श्याम सुंदर यादव सहित अनेक शिक्षकों और अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन दीपिका द्विवेदी एवं अनिल यादव ने किया।

स्कूल चलो अभियान का यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button