
नवोदय वार्ता, रांची, 10 जनवरी 2026
रांची: हमर अधिकार मंच ने माननीय नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी से ‘हमर अधिकार मंच’ का 3 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर झारखंड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त की तत्काल नियुक्ति और सुनवाई प्रारंभ करने की मांग की
।। हमर अधिकार मंच झारखंड के 16 जिलों के 91 लोगों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा ।।
’हमर अधिकार मंच’ के अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के माननीय नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी से भेंट कर एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन गिरिडीह, पलामू, लातेहार, गढ़वा, धनबाद, दुमका, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, पाकुड़, हजारीबाग, खूंटी, सिमडेगा, रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम एवं गुमला के 91 व्यक्तियों द्वारा हस्ताक्षरित है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में यथाशीघ्र सूचना आयुक्त की नियुक्ति हो, ताकि 25,000 से अधिक द्वितीय अपीलों एवं शिकायतों पर 5.5 वर्षों से लंबित मामलों की सुनवाई प्रारंभ हो सके। साथ ही, विधि, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, समाजसेवा, प्रबंधन, पत्रकारिता एवं जनसंपर्क में व्यापक अनुभव वाले समाज में प्रख्यात गैर-नौकरशाह** व्यक्ति को ही सूचना आयुक्त बनाया जाए।
नौकरशाहों की नियुक्ति से बचने का तर्क देते हुए कहा गया कि वे प्रथम अपीलीय प्राधिकारी या जन सूचना पदाधिकारी रह चुके हो सकते हैं, जिनके खिलाफ ही अपीलें दर्ज होती हैं। इससे निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। सरकार का पुराना बहाना—नेता प्रतिपक्ष के अभाव में नियुक्ति न होना—अब समाप्त हो चुका है, क्योंकि मार्च 2025 से नेता प्रतिपक्ष पद भरा हुआ है।
हमर अधिकार मंच के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष: दीपेश निराला, उपाध्यक्ष: रेणुका तिवारी एवं महासचिव: उमाशंकर सिंह शामिल थे।



